बिहार के सिवान से पंकज सिंह की रिपोर्ट
सीवान – लकड़ी नवीगंज प्रखंड कार्यालय परिसर में बढ़ती ठंड और शीतलहर को देखते हुए प्रशासन की ओर से राहत कार्य किया गया। प्रखंड विकास पदाधिकारी कृष्ण कुमार के नेतृत्व में गरीबों, असहायों एवं जरूरतमंद लोगों के बीच कंबल का वितरण किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य ठंड के मौसम में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को राहत पहुंचाना रहा। कंबल वितरण के दौरान बड़ी संख्या में जरूरतमंद लोग प्रखंड कार्यालय परिसर में एकत्रित हुए। प्रखंड विकास पदाधिकारी कृष्ण कुमार ने स्वयं लोगों को कंबल प्रदान करते हुए कहा कि शीतलहर के प्रकोप को देखते हुए सरकार के निर्देशानुसार यह कदम उठाया गया है, ताकि कोई भी जरूरतमंद ठंड के कारण परेशान न हो। उन्होंने बताया कि प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और आगे भी जरूरत के अनुसार राहत सामग्री का वितरण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि गरीब, बेसहारा, वृद्ध, दिव्यांग एवं सड़क किनारे रहने वाले लोगों को प्राथमिकता के आधार पर कंबल उपलब्ध कराया गया है। प्रखंड स्तर पर संबंधित कर्मियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में ऐसे लोगों की पहचान करें, जिन्हें अभी भी सहायता की आवश्यकता है। कंबल पाकर जरूरतमंदों ने प्रशासन के इस प्रयास की सराहना की और कहा कि ठंड के इस मौसम में यह सहायता उनके लिए बेहद उपयोगी साबित होगी। कार्यक्रम के दौरान प्रखंड कार्यालय के कर्मी एवं स्थानीय लोग भी उपस्थित रहे। प्रशासन की ओर से यह भी अपील की गई कि ठंड से बचाव के लिए लोग सतर्क रहें और किसी भी प्रकार की समस्या होने पर प्रखंड कार्यालय से संपर्क करें।






