विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
रांची। आरपीएफ रांची के कमांडेंट पवन कुमार के निर्देशन में चल रहे विशेष सतर्कता अभियान के तहत हटिया आरपीएफ टीम ने मानवता और तत्परता का परिचय देते हुए एक नवजात शिशु की जान बचाई। ट्रेन के शौचालय में लगे डस्टबिन में पड़े नवजात को आरपीएफ जवानों ने समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
जानकारी के अनुसार, नियमित जांच के दौरान आरपीएफ जवानों को शौचालय से असामान्य आवाज सुनाई दी। तत्परता दिखाते हुए जब डस्टबिन की जांच की गई तो उसमें एक नवजात शिशु पाया गया। जवानों ने बिना देर किए बच्चे को बाहर निकालकर प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराई और तत्काल संबंधित विभाग व मेडिकल टीम को सूचना दी।
आरपीएफ की संवेदनशील और त्वरित कार्रवाई से नवजात की जान बच सकी। इस मानवीय पहल की यात्रियों और स्थानीय लोगों ने जमकर सराहना की है। आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि ऐसे मामलों में बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और दोषियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।






