विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
65 वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, बेतिया द्वारा नागरिक कल्याण कार्यक्रम के अंतर्गत तीन साप्ताहिक इलेक्ट्रीशियन प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल समापन किया गया। यह कार्यक्रम दिनांक 05 जनवरी 2026 को कमांडेंट श्री नंदन सिंह मेहरा के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ, जिसमें सीमावर्ती क्षेत्र के 20 ग्रामीण बेरोजगार युवाओं को तकनीकी प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

यह प्रशिक्षण 65 वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, बेतिया एवं थारू कला, संस्कृति एवं प्रशिक्षण संस्थान, हरनाटांड के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया। ग्राम पिपरा दोन, बेथानी दोन एवं झंझरी दोन से चयनित युवाओं को ग्राम पिपरा दोन स्थित सामुदायिक भवन के प्रांगण में इलेक्ट्रीशियन प्रशिक्षण दिया गया, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकें।

समापन समारोह में वाहिनी के कार्यवाहक कमांडेंट एवं द्वितीय कमान अधिकारी श्री कोजा राम लामरोड़ ने सभी अतिथियों व प्रशिक्षुओं का स्वागत किया तथा प्रशिक्षण को युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। प्रशिक्षुओं ने भी प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त ज्ञान और कौशल को उपयोगी बताते हुए सशस्त्र सीमा बल एवं प्रशिक्षण संस्थान के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर थारू कला एवं संस्कृति प्रशिक्षण संस्थान के श्री शुभम नीरज ने प्रशिक्षुओं की मेहनत की सराहना करते हुए उन्हें निरंतर आत्मविकास के लिए प्रेरित किया। वहीं जिला परिषद सदस्य श्री संतोष हाजरा ने सीमावर्ती क्षेत्रों में सशस्त्र सीमा बल द्वारा किए जा रहे जनकल्याणकारी कार्यों की प्रशंसा करते हुए युवाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के साथ ही ग्राम पिपरा दोन में नि:शुल्क मानव चिकित्सा शिविर एवं पशु चिकित्सा शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय नागरिकों एवं पशुपालकों की स्वास्थ्य जांच कर नि:शुल्क दवाओं का वितरण किया गया।
इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य, पंचायत प्रतिनिधि, थारू कल्याण महासभा के पदाधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी, चिकित्सा एवं पशु चिकित्सा अधिकारी, सशस्त्र सीमा बल के वरिष्ठ अधिकारी, बलकर्मी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे।






