Wednesday, February 11, 2026
No menu items!
Google search engine
Home आस पास गौनाहा में वार्ड सदस्य पद को लेकर विवाद, बीडीओ से शिकायत

गौनाहा में वार्ड सदस्य पद को लेकर विवाद, बीडीओ से शिकायत

0
64

रमेश ठाकुर के साथ मेराज आलम- गौनाहा (पश्चिम चंपारण)
दिनांक:- 05-01-2026

गौनाहा प्रखंड क्षेत्र के बेलसण्डी पंचायत अंतर्गत अहरार पिपरा गांव निवासी वार्ड सदस्य रंजन कुमार पर पद से त्यागपत्र देने के बावजूद वार्ड सदस्य के लाभ लेने का गंभीर आरोप सामने आया है। इस मामले को लेकर बेलसण्डी पंचायत के लगभग सभी वार्ड सदस्यों ने गौनाहा प्रखंड विकास पदाधिकारी को एक लिखित आवेदन देकर जांच की मांग की है। आवेदन में वार्ड सदस्यों ने बताया है कि बेलसण्डी पंचायत के वार्ड संख्या 07 के वार्ड सदस्य रंजन कुमार एवं वार्ड संख्या 08 की वार्ड सदस्य सोनी देवी आपस में पति-पत्नी हैं। रंजन कुमार के पिता शंकर साह जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) के दुकानदार थे, जिनकी लगभग छह माह पूर्व मृत्यु हो गई थी। इसके बाद अनुकंपा के आधार पर जन वितरण प्रणाली की दुकान का लाइसेंस रंजन कुमार के नाम पर निर्गत कर दिया गया।

आरोप है कि पीडीएस दुकानदार बनने के बाद रंजन कुमार ने वार्ड सदस्य पद से त्यागपत्र देकर स्थानीय मुखिया शम्भू राउत एवं पंचायत सचिव नन्दलाल कुमार को सौंप दिया था। इसके बावजूद त्यागपत्र की प्रक्रिया को औपचारिक रूप से आगे नहीं बढ़ाया गया और रंजन कुमार द्वारा अब भी वार्ड सदस्य भत्ता एवं अनुरक्षक मानदेय का लाभ लिया जा रहा है। वार्ड सदस्यों का कहना है कि एक ही व्यक्ति द्वारा एक साथ दो पदों का लाभ लेना नियमों के विरुद्ध है। इसलिए उन्होंने वरीय पदाधिकारी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर एक ही पद पर रखने की मांग की है।

इस संबंध में जब स्थानीय मुखिया शम्भू राउत से दूरभाष पर संपर्क किया गया तो उन्होंने बताया कि वे इस समय घर पर नहीं हैं और इस विषय पर फोन पर बात करने के बजाय आमने-सामने चर्चा करना उचित होगा। वहीं पंचायत सचिव नन्दलाल कुमार से पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं है कि रंजन कुमार द्वारा उन्हें कोई त्यागपत्र दिया गया है। संभव है कि त्यागपत्र कार्यालय में दिया गया हो। पंचायत सचिव के इस बयान से स्पष्ट होता है कि त्यागपत्र के मामले में प्रशासनिक स्तर पर स्थिति अब तक स्पष्ट नहीं है। फिलहाल मामला प्रखंड प्रशासन के संज्ञान में है और जांच के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

error: Content is protected !!