बिहार के सिवान से पंकज सिंह की रिपोर्ट
सिवान जिला मुख्यालय स्थित नगर परिषद कार्यालय के ठीक पास भारी मात्रा में कचरा जमा होने से स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है। नगर परिषद, जिसका मुख्य कार्य शहर की साफ-सफाई और स्वच्छता व्यवस्था को दुरुस्त रखना है, वही अपने कार्यालय परिसर के आसपास सफाई नहीं करा पा रहा है।
कार्यालय के पास लंबे समय से कचरा पड़े रहने के कारण बदबू फैल रही है, जिससे राहगीरों और आसपास के दुकानदारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि जब नगर परिषद अपने दरवाजे के पास सफाई नहीं रख पा रहा है, तो पूरे शहर की सफाई व्यवस्था का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है। स्थानीय नागरिकों ने आरोप लगाया कि सफाईकर्मियों की नियमित ड्यूटी नहीं लगाई जा रही है और कचरा उठाव की व्यवस्था भी पूरी तरह चरमराई हुई है। इससे मच्छर और अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।
लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि नगर परिषद की कार्यप्रणाली की जांच की जाए और तत्काल सफाई कराकर स्वच्छता व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।






