विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
नरकटियागंज। ऑल इंडिया म्युनिसिपल वर्कर्स एसोसिएशन की शाखा नगर परिषद, नरकटियागंज का कन्वेंशन नगर परिषद कार्यालय परिसर में सुनील पासवान की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ। कन्वेंशन को संबोधित करते हुए एसोसिएशन के महासचिव सह ट्रेड यूनियन सेंटर ऑफ इंडिया (टीयूसीआई) के केंद्रीय कमेटी सदस्य कॉमरेड रवीन्द्र कुमार ‘रवि’ ने केंद्र और राज्य सरकारों की नीतियों पर तीखा हमला बोला।
कॉमरेड रवीन्द्र ने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार तथा केंद्र की मोदी-शाह सरकार सफाई कर्मियों के सम्मान का दिखावा तो करती है, लेकिन व्यवहार में उनके स्थायी पदों को समाप्त कर शहरी निकायों में आउटसोर्सिंग और संविदा प्रथा थोपकर लाखों सफाई कर्मियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। उन्होंने कहा कि आजादी के आठ दशक बाद भी सफाई कर्मी न्यूनतम मजदूरी पर दास प्रथा जैसी जिंदगी जीने को मजबूर हैं।

उन्होंने आगे कहा कि सफाई कर्मी अपनी जान जोखिम में डालकर यह उम्मीद लगाए काम करते हैं कि कभी न कभी उनकी नौकरी स्थायी होगी, लेकिन सरकार की घोर लापरवाही और सौतेले रवैये के कारण उन्हें अपमानजनक जीवन जीना पड़ रहा है। नरकटियागंज नगर परिषद में आउटसोर्सिंग एजेंसी द्वारा सरकार की घोषणाओं के बावजूद आवश्यक सुरक्षा संसाधन उपलब्ध नहीं कराए जाने से सफाई कर्मियों के स्वास्थ्य पर गंभीर और जानलेवा प्रभाव पड़ रहा है।
कन्वेंशन को एसोसिएशन की जिला नेत्री पिंकी देवी, यूनिस आलम, भिखम राम, मनोज राउत, मदन राम, विनोद मलिक, मिंटू राम, राकेश राउत सहित अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया।
कन्वेंशन के दूसरे सत्र में नगर परिषद नरकटियागंज के लिए 13 सदस्यीय कार्यकारिणी समिति का गठन किया गया। सर्वसम्मति से मदन राउत को अध्यक्ष, मनोज राउत को उपाध्यक्ष, मिंटू राम को सचिव, विनोद मलिक को संयुक्त सचिव, राकेश राउत को कोषाध्यक्ष तथा शेषनाथ राम को संगठन मंत्री चुना गया। वहीं शैलेन्द्र गोंड़, सुनील पासवान, यूनिस आलम, बबलू कुमार, रवि कुमार सोनी और मोतीलाल मलिक को कार्यकारिणी सदस्य मनोनीत किया गया।
कन्वेंशन में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 7 सूत्री मांगों—आउटसोर्सिंग प्रथा समाप्त करने, समान काम के लिए समान वेतन के तहत 21 हजार रुपये मासिक वेतन देने, संविदा व दैनिक कर्मियों को स्थायी करने, टैक्स कलेक्टरों को वेतनमान देने, सफाई कर्मियों को सभी सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने तथा दुर्घटना की स्थिति में मुफ्त चिकित्सा और इलाज अवधि में पूरा वेतन देने—को लेकर 19 जनवरी 2026 को पटना विधानसभा के समक्ष होने वाले विशाल प्रदर्शन में पश्चिम चंपारण के सभी नगर निकायों से हजारों सफाई कर्मी भाग लेंगे।
उक्त जानकारी कोषाध्यक्ष राकेश राउत ने दी।






