विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
भीतहा थाना क्षेत्र अंतर्गत विनहीं चेकपोस्ट पर सोमवार की देर शाम पुलिस द्वारा सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। इसी क्रम में पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी, जब अलग-अलग मामलों में दो व्यक्तियों को अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया गया। यह कार्रवाई मद्य निषेध कानून के तहत नियमित जांच के दौरान की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जांच के दौरान एक मोटरसाइकिल को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें सवार व्यक्ति की पहचान सतीश कुमार गुप्ता, पिता प्रेम गुप्ता, निवासी ग्राम रूपही टांड, थाना भीतहा, जिला पश्चिम चम्पारण के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से चार लीटर बीयर, 400 एमएल बंटी-बबली देशी शराब एवं 180 एमएल रॉयल स्टेग अंग्रेजी शराब बरामद की गई। इस प्रकार कुल चार लीटर 580 एमएल अवैध शराब जब्त की गई। मौके पर ही पुलिस ने मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया।
वहीं, दूसरी ओर एक अन्य मोटरसाइकिल सवार बेचन गुप्ता, पिता रामदयाल गुप्ता, निवासी ग्राम बिनही, थाना भीतहा, जिला पश्चिम चम्पारण को एक लीटर बीयर के साथ गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके से हिरासत में लेकर थाना लाया।
इस संबंध में थानाध्यक्ष अभिलाष कुमार ने बताया कि दोनों आरोपियों के विरुद्ध मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत कांड संख्या 177/25 दर्ज किया गया है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेजते हुए बगहा जेल भेज दिया गया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए लगातार वाहन जांच एवं छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध शराब के निर्माण, भंडारण या तस्करी की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।






