विजय कुमार शर्मा बगहा / रमेश ठाकुर रामनगर पश्चिम चंपारण
बगहा। अनुमंडल के रामनगर नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत रामरेखा पुल पर अतिक्रमण की समस्या एक बार फिर गंभीर रूप लेती जा रही है। कुछ दिन पूर्व नगर परिषद प्रशासन द्वारा पुल व उसके आसपास से अतिक्रमण हटाया गया था, जिससे कुछ समय तक स्थिति सामान्य बनी रही, लेकिन अब दोबारा ठेला-खोमचा, फल-सब्जी व अस्थायी दुकानों के लगने से पुल क्षेत्र में अतिक्रमण शुरू हो गया है।
अतिक्रमण के कारण पुल पर आए दिन जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही है। दुकानों से सामान खरीदने के लिए लोग अपने दोपहिया व चारपहिया वाहन पुल पर ही खड़ा कर देते हैं, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो जाता है। स्थानीय लोगों के अनुसार सुबह और शाम के व्यस्त समय में स्थिति और भी भयावह हो जाती है। स्कूली बच्चों, मरीजों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

नगर परिषद द्वारा बेतिया-बगहा-नरकटियागंज मुख्य मार्ग पर सूचना बोर्ड लगाकर सुबह 8 बजे से शाम 8 बजे तक भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक का निर्देश दिया गया है, लेकिन इसके बावजूद भारी वाहनों का आवागमन बेरोकटोक जारी है। इससे यातायात व्यवस्था और अधिक बिगड़ती जा रही है।
उल्लेखनीय है कि बिहार सरकार द्वारा चलाए जा रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत कुछ दिन पहले रामनगर में प्रशासन और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने अतिक्रमण हटाया था। उस दौरान दो पक्षों के बीच विवाद की स्थिति भी उत्पन्न हुई थी। सूचना पर बगहा की प्रभारी एसपी निर्मला कुमारी मौके पर पहुंचीं और दोनों पक्षों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया था।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि संबंधित विभागों की उदासीनता या मिलीभगत के कारण अतिक्रमणकारी फिर से धीरे-धीरे कब्जा जमा रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से स्थायी समाधान, नियमित निगरानी और सख्त कार्रवाई की मांग की है।






