Wednesday, February 11, 2026
No menu items!
Google search engine
Home आस पास बगहा एसपी ने एफएसएल वाहन व अत्याधुनिक उपकरणों का किया निरीक्षण

बगहा एसपी ने एफएसएल वाहन व अत्याधुनिक उपकरणों का किया निरीक्षण

0
193

विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार


बगहा पुलिस ने अपराध अनुसंधान को और अधिक वैज्ञानिक व सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। मंगलवार को बगहा के पुलिस अधीक्षक श्री सुशांत कुमार सरोज ने पुलिस केंद्र परिसर में स्थित फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) वाहन एवं उसमें उपलब्ध अत्याधुनिक फॉरेंसिक उपकरणों का गहन निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने फॉरेंसिक विशेषज्ञों एवं तकनीकी टीम के साथ विस्तृत चर्चा की। इस अवसर पर उपकरणों की कार्यप्रणाली, उपयोग की प्रक्रिया तथा रख-रखाव की स्थिति की बारीकी से समीक्षा की गई। एसपी ने कहा कि वर्तमान समय में अपराध अनुसंधान में वैज्ञानिक पद्धतियों का प्रयोग अत्यंत आवश्यक हो गया है। अपराध स्थल से साक्ष्यों का सही ढंग से संकलन और उनका वैज्ञानिक विश्लेषण ही न्यायिक प्रक्रिया को मजबूत आधार प्रदान करता है।
पुलिस अधीक्षक ने एफएसएल वाहन में उपलब्ध डिजिटल फॉरेंसिक किट, ब्लड सैंपल एनालाइज़र, फिंगरप्रिंट स्कैनर, डीएनए सैंपलिंग सेट सहित अन्य उन्नत तकनीकी संसाधनों का निरीक्षण किया। साथ ही सभी उपकरणों को “रेडी-टू-यूज़” मोड में रखने की स्थिति का भी परीक्षण कराया गया।
इस मौके पर एसपी श्री सरोज ने उपस्थित फॉरेंसिक अधिकारियों एवं तकनीशियनों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी आपराधिक घटना के बाद त्वरित और सटीक फॉरेंसिक जांच से अपराधियों तक पहुंचना आसान हो जाता है। उन्होंने टीम से उच्च गुणवत्ता, सतर्कता और तकनीकी दक्षता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
पुलिस प्रशासन के इस प्रयास से बगहा क्षेत्र में अपराध अनुसंधान की गुणवत्ता में और अधिक सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

error: Content is protected !!