अनिल कुमार शर्मा मझौलिया पश्चिम चंपारण।
बिनवलिया मठ से गदियानी एल–021 तक पीसीसी सड़क निर्माण कार्य शुरू होने से क्षेत्र के ग्रामीणों में हर्ष और उत्साह का माहौल है। वर्षों से जर्जर सड़क के कारण लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। बरसात के दिनों में सड़क पर जलजमाव हो जाने से स्थिति और भी बदतर हो जाती थी। अब पीसीसी सड़क बनने से जलजमाव की समस्या से स्थायी निजात मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
ग्रामीण सड़क सुदृढ़ीकरण एवं प्रबंधन कार्यक्रम योजना के तहत इस सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। लगभग 10 लाख 62 हजार 800 रुपये की लागत से 1.210 किलोमीटर लंबी पीसीसी सड़क बनाई जा रही है। सड़क निर्माण कार्य का जिम्मा स्टार कंस्ट्रक्शन, मोतिहारी को सौंपा गया है। निर्माण कार्य प्रारंभ होते ही स्थानीय ग्रामीणों ने इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है।
अब्दुल्लाह अंसारी,इसहाक अंसारी, आलम अंसारी , सकुर अंसारी , राजमहम्मद गद्दी, जवाहिर गद्दी , आलम गद्दी , हीरालाल गद्दी , जान महम्मद अंसारी , मोबारक अंसारी , मजाहि गद्दी आदि ग्रामीणों का कहना है कि इस सड़क के बन जाने से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि बच्चों को स्कूल जाने, किसानों को अपने खेतों तक पहुंचने और मरीजों को स्वास्थ्य केंद्र तक लाने–ले जाने में भी सहूलियत होगी। इसके साथ ही स्थानीय बाजार और आसपास के गांवों से संपर्क मजबूत होगा, जिससे सामाजिक और आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी। संवेदक परवेज खान ने बताया कि सड़क निर्माण कार्य पूरी तरह सरकारी मानकों के अनुरूप कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि निर्माण में उपयोग की जा रही सामग्री की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि सड़क लंबे समय तक टिकाऊ बनी रहे। कार्य के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जा रही है।
सड़क निर्माण कार्य को लेकर ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया है। उनका कहना है कि यह सड़क क्षेत्र के लिए विकास की नई राह खोलेगी और वर्षों पुरानी समस्या का समाधान करेगी। ग्रामीणों को उम्मीद है कि तय समय सीमा में निर्माण कार्य पूरा कर सड़क को जल्द से जल्द जनता के लिए खोल दिया जाएगा।






