Friday, February 13, 2026
No menu items!
Google search engine
Home आस पास पटना में सांसद खेल महोत्सव–2025 का भव्य समापन, पीएम मोदी ने किया...

पटना में सांसद खेल महोत्सव–2025 का भव्य समापन, पीएम मोदी ने किया वर्चुअल संबोधन

0
61

रमेश ठाकुर – पश्चिम चंपारण,बिहार
दिनांक:- 26-12-2025

पटना साहिब लोकसभा क्षेत्र के पाटलिपुत्र खेल परिसर में आयोजित सांसद खेल महोत्सव–2025 का समापन समारोह भव्य रूप से संपन्न हुआ। यह आयोजन भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती एवं सुशासन दिवस के अवसर पर आयोजित किया गया।

समारोह में पटना साहिब के सांसद रविशंकर प्रसाद द्वारा आयोजित इस खेल महोत्सव में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी एवं बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से खिलाड़ियों एवं उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया। प्रधानमंत्री के प्रेरणादायक संबोधन को खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह और एकाग्रता के साथ सुना।

प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि प्रतियोगिता में जीत-हार दोनों का अपना महत्व है। जीत बेहतर प्रदर्शन का परिणाम होती है, वहीं हार खिलाड़ियों को और अधिक मेहनत करने की प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि जो खिलाड़ी इस बार पीछे रह गए हैं, वे निराश न हों और अगले अवसर के लिए और अधिक परिश्रम करें।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित भी किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी सोच और विजन से प्रारंभ हुआ सांसद खेल महोत्सव आज ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की छिपी खेल प्रतिभाओं को पहचान दिलाने और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर देने का सशक्त मंच बन चुका है।

संजय सरावगी ने कहा कि अब समय बदल गया है और युवा खेल के क्षेत्र में भी उज्ज्वल भविष्य बना रहे हैं। बिहार सरकार द्वारा खिलाड़ियों के हित में कई योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिनके तहत पदक विजेता खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी भी दी जा रही है।

उन्होंने कहा कि खेल केवल मनोरंजन या प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं है, बल्कि यह स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मस्तिष्क की आधारशिला है। खेल से अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

error: Content is protected !!