विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
बगहा अनुमंडल क्षेत्र अंतर्गत गंडक पार स्थित गोबरहिया गाँव में चर्च के नाम पर झाड़-फूँक व इलाज के नाम पर कथित रूप से अवैध गतिविधियाँ संचालित किए जाने का मामला सामने आया है। सूचना मिलने पर मधुबनी प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि विजय सिंह चंदेल मौके पर पहुंचकर पूरे प्रकरण की सत्यता की जांच की।
जांच के दौरान उन्होंने पाया कि उक्त स्थल पर दूर-दराज के इलाकों से बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुटी रहती है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि यहां इलाज के बहाने धर्म परिवर्तन कराया जा रहा है तथा गरीब व भोले-भाले लोगों को अपने जाल में फंसाकर उनसे मोटी रकम की उगाही की जाती है।
ग्रामीणों के अनुसार इस संबंध में सैकड़ों लोगों ने दूरभाष के माध्यम से धनहा थानाध्यक्ष को सूचना दी है। साथ ही इस मामले की जानकारी प्रखंड के अंचलाधिकारी को भी दी गई है, जिन्होंने धनहा थाना को लिखित रूप से पत्र भेजकर संबंधित संचालक के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया है।
मौके पर मौजूद इलाज कराने आए लोगों से बातचीत के दौरान यह बात सामने आई कि कई लोग यहां इलाज कराने के बाद भी परेशान हैं। उन्होंने बताया कि वे अपनी निजी समस्याओं को लेकर यहां पहुंचे थे, जिनका नशा मुक्ति या किसी अन्य सामाजिक सुधार गतिविधि से कोई संबंध नहीं है।
इस पूरे मामले को लेकर गोबरहिया गाँव के लोगों ने एक सामूहिक संगठन का गठन किया है, ताकि इस कथित अवैध गतिविधि के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद की जा सके और प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया जा सके।
मौके पर प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि विजय सिंह चंदेल के साथ श्याम कुशवाहा, धनंजय पांडेय (जदयू नेता), संतोष मिश्रा, बीरेंद्र मद्धेशिया, नूर आलम अंसारी, शाकिर अंसारी, नीपू कुशवाहा, साह आलम अंसारी (पूर्व मुखिया), मोहन साह, दीपक यादव (राजद नेता), नवीन वर्मा (प्रदेश महासचिव, रालोसपा), प्रदीप ठाकुर (माले नेता), महमूद अंसारी तथा वकील अंसारी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में जांच के बाद क्या ठोस कार्रवाई करता है।






