विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
बगहा। बीते बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान चंपारण क्षेत्र में जदयू किसान एवं सहकारिता प्रकोष्ठ के कुछ पदाधिकारियों द्वारा पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप सामने आया है। इसी को लेकर किसान प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष विमलेंदु उर्फ़ मुन्ना सिंह ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कई नेताओं को संगठन से बाहर का रास्ता दिखा दिया। जिलाध्यक्ष ने बताया कि पार्टी के दिशा-निर्देशों के विपरीत कार्य करने और निरोधात्मक प्रचार-प्रसार में शामिल रहने के कारण उमाशंकर साहनी सहित कई लोगों को तत्काल प्रभाव से निष्कासित कर दिया गया है। उमाशंकर साहनी किसान प्रकोष्ठ की जिला समिति में पदस्थ थे। इसके साथ ही किसान प्रकोष्ठ की जिला कमेटी के सभी पदाधिकारी, सभी सदस्य, प्रखंड अध्यक्ष और नगर अध्यक्ष को भी भंग कर दिया गया है। जिलाध्यक्ष विमलेंदु सिंह ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि पूरी कमेटी को पुनर्गठित किया जाएगा और संगठन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से नई टीम का गठन जल्द ही किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी विरोधी गतिविधियों को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और अनुशासनहीनता पर कड़ी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।






