सोहसा चौघड़िया में जलजमाव का कहर बदबू, कीचड़ और लापरवाही से त्रस्त पूरा वार्ड
रमेश ठाकुर रामनगर / विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
पश्चिमी चंपारण। रामनगर प्रखंड के सोहसा चौघड़िया पंचायत के वार्ड संख्या 11 में जल निकासी की समस्या गंभीर रूप ले चुकी है। नाली जाम होने और पानी की निकासी पूरी तरह बाधित रहने के कारण ग्रामीण महीनों से नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं। नाली का गंदा, बदबूदार पानी सड़क पर फैल गया है, जिससे पूरा रास्ता दलदल और कीचड़ में तब्दील हो चुका है। स्थिति इतनी बदतर है कि लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि जलजमाव के कारण राहगीरों के फिसलने और गिरने का खतरा हमेशा बना रहता है। वहीं, घरों के सामने जमा गंदे पानी से उठती तीखी दुर्गंध ने स्वास्थ्य संबंधी जोखिम बढ़ा दिए हैं। लोगों को डर है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो बस्ती में संक्रामक बीमारियाँ फैल सकती हैं।
मस्जिद जाने में सबसे ज्यादा परेशानी
वार्ड 11 व 12 में मुस्लिम समुदाय की बड़ी आबादी रहती है। ऐसे में जलजमाव ने नमाज के लिए मस्जिद जाने वालों की तकलीफें बढ़ा दी हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्हें हर दिन गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है, जिससे शारीरिक परेशानी के साथ धार्मिक कार्यों में भी बाधा उत्पन्न हो रही है।
पोइन मार्ग अवरुद्ध होने का आरोप
पग्रामीणों ने बताया कि समस्या की जड़ प्राकृतिक जल निकासी मार्ग ‘पोइन’ का अवरुद्ध होना है। आरोप है कि कुछ लोगों ने अवैध रूप से पोइन को काटकर खेत में मिला लिया, जिससे पानी का बहाव रुक गया है। वहीं, कुछ घरों में पानी घुसने के डर से लोगों ने व्यक्तिगत स्तर पर नाली को कई जगह बांध दिया है, जिसके कारण पूरी बस्ती जलजमाव की चपेट में आ गई है। हैरानी की बात यह है कि हाल ही में नाली की मरम्मत हुई थी, लेकिन घटिया निर्माण और परियोजना में लापरवाही के कारण स्थिति जस की तस बनी हुई है। प्रशासन से समाधान की मांग ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या को लेकर मुखिया और अन्य जनप्रतिनिधियों से कई बार शिकायत की गई, मगर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। प्रशासन की उदासीनता से लोगों में गहरा आक्रोश है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और पंचायत विभाग से तत्काल हस्तक्षेप कर नाली की सफाई, अवरुद्ध पोइन को मुक्त कराने और जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की है, ताकि बस्ती को इस बदहाल स्थिति से राहत मिल सके।






