बाल्मीकिनगर से नंदलाल पटेल की रिपोर्ट
वाल्मीकि नगर थाना क्षेत्र के चंपापुर–गोनाली मुख्य सड़क मार्ग पर स्थित नारायनापुर के समीप रविवार की सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। तेज गति से आ रहा एक टेम्पू अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गड्ढे में पलट गया, जिससे वाहन में सवार दो लोग आंशिक रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई तथा आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत बचाव कार्य में जुट गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टेम्पू अत्यधिक रफ्तार में था और चालक लगातार ओवरटेक करने की कोशिश कर रहा था। इसी बीच सड़क पर अचानक एक बकरी आ गई। बकरी को बचाने के प्रयास में चालक ने वाहन को तेजी से मोड़ा, लेकिन तेज रफ्तार के कारण टेम्पू असंतुलित हो गया और सीधे सड़क के किनारे बने गहरे गड्ढे में जा गिरा। टक्कर की आवाज सुनकर खेतों और आसपास के घरों से ग्रामीण दौड़ते हुए मौके पर पहुँचे।
ग्रामीणों ने न सिर्फ पलटे हुए टेम्पू को सीधा किया बल्कि घायलों को सावधानी के साथ बाहर निकाल कर तुरंत सहायता भी प्रदान की। स्थानीय स्तर पर उपलब्ध प्राथमिक चिकित्सा सामग्री के सहारे घायलों का तुरंत उपचार शुरू किया गया। इसके बाद दोनों घायलों को पास के क्लिनिक में ले जाया गया जहाँ डॉक्टरों ने उनकी स्थिति स्थिर बताई है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने बताया कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। स्कूल के बच्चों, राहगीरों और ग्रामीणों ने प्रशासन से इस मार्ग पर स्पीड कंट्रोल, चेतावनी बोर्ड तथा गड्ढों की मरम्मत की मांग भी उठाई है।ग्रामीणों के समय पर किए गए प्रयासों से एक बड़ा हादसा टल गया, वरना परिस्थिति और गंभीर हो सकती थी।






