विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
बगहा। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की ऐतिहासिक जीत ने पूरे राज्य में उत्सव का माहौल पैदा कर दिया है। बगहा में भी भाजपा कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों, मिठाइयों और आतिशबाज़ी के साथ बगहा विधानसभा के एनडीए प्रत्याशी राम सिंह एवं रामनगर विधानसभा के एनडीए प्रत्याशी नंदकिशोर राम की प्रचंड जीत होने पर जोरदार एवं उत्साह के साथ जश्न मनाया। पार्टी कार्यालय से लेकर शहर के प्रमुख चौक-चौराहों तक ‘जय भाजपा’, ‘एनडीए जिंदाबाद’ तथा ‘मोदी-नीतीश अमर रहें’ के नारों से वातावरण गूंज उठा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस जीत को सुशासन, विकास और सामाजिक न्याय की विजय बताते हुए बिहार की जनता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह परिणाम बिहार की जनता के उज्ज्वल भविष्य में अटूट विश्वास का प्रतीक है।केंद्रीय खनन मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने बगहा में जश्न के दौरान कहा कि “यह जीत जनता के विश्वास और हमारी सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों की जीत है।

जनता ने साबित कर दिया है कि बिहार अब भविष्य की ओर भरोसे के साथ आगे बढ़ रहा है।”
उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, एलजेपी (आर) प्रमुख चिराग पासवान, हम पार्टी के जीतन राम मांझी और आरएलएसपी के उपेंद्र कुशवाहा को भी इस बड़े जनादेश पर बधाई दी।
मंत्री दुबे ने कहा कि आने वाले दिनों में बिहार के बुनियादी ढांचे, शिक्षा, स्वास्थ्य और सांस्कृतिक विकास को नई गति दी जाएगी।

विधान पार्षद सह जेडीयू जिलाध्यक्ष भीष्म साहनी ने चुनाव परिणामों को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि “बिहार की जनता ने आज यह साबित कर दिया है कि वह विकास, स्थिरता और सुशासन चाहती है। एनडीए की यह जीत जनता की आकांक्षाओं और उम्मीदों का स्पष्ट संदेश है। बगहा समेत पूरे पश्चिम चंपारण के लोग हमेशा विकास के साथ खड़े रहे हैं और यह जीत उसी भावनात्मक जुड़ाव का परिणाम है।” उन्होंने आगे कहा कि अब जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए संगठन पहले से अधिक ऊर्जा और तत्परता के साथ काम करेगा।

बगहा क्षेत्र से दूसरी बार विजय प्राप्त करने वाले विधायक राम सिंह ने भावुक होते हुए कहा कि “यह जीत मेरी नहीं, बल्कि बगहा की जनता की है। लोगों ने जिस विश्वास और प्रेम के साथ मुझे दूसरी बार विधानसभा भेजा है, वह मेरे लिए सबसे बड़ा सम्मान है।” उन्होंने कहा कि वह अपने क्षेत्र के अधूरे कार्यों को प्राथमिकता देंगे। राम सिंह ने कहा, “मैं बगहा की जनता का बेटा हूँ, और लोगों की सेवा करना ही मेरा सबसे बड़ा दायित्व है। आने वाले पाँच वर्ष बगहा के सर्वांगीण विकास के लिए समर्पित रहेंगे।






