विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
प्रखंड बगहा एक अंतर्गत चखनी रजवटिया पंचायत के वार्ड संख्या 4 स्थित सीता टोला के ग्रामीण पिछले दस वर्षों से जलजमाव की समस्या से परेशान हैं। सड़क पर हमेशा पानी भरे रहने से लोगों का चलना-फिरना मुश्किल हो गया है। बरसात के दिनों में तो हालात और भी बदतर हो जाते हैं। केंद्र और राज्य सरकारें जहां नाली–गली योजना समेत ग्रामीण विकास के बड़े-बड़े दावे करती हैं, वहीं ज़मीनी हकीकत इन दावों को झुठलाती नज़र आती है। सीता टोला के गरीब तबके के लोगों के पास घर के अलावा कुछ नहीं है। पानी भर जाने से खाना पकाने से लेकर रहने तक की स्थिति सड़क पर ही बन जाती है।

स्थानीय निवासी लक्षू तुरहा, नथु तुरहा, हिरालाल तुरहा, शिव राय सहित सैकड़ों लोगों ने बताया कि कई बार पंचायत के जनप्रतिनिधियों और प्रखंड स्तर के अधिकारियों को इस समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने कहा कि सरकारी योजनाएँ कागज़ों तक सीमित हैं, जबकि हकीकत यह है कि बस्ती में लोग गंदे पानी और कीचड़ में जीवन जीने को मजबूर हैं। उन्होंने प्रशासन से नाली निर्माण और सड़क मरम्मत की मांग करते हुए कहा कि अब अगर जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे।






