विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
बगहा। कई दशकों से अपनी आवासीय जमीन का मालिकाना हक नहीं मिलने से आक्रोशित बगहा विधानसभा क्षेत्र के कैलाश नगर के लगभग पच्चीस हजार मतदाताओं ने इस बार वोट बहिष्कार की घोषणा कर दी है। लोगों का कहना है कि बार-बार आश्वासन मिलने के बावजूद अब तक उनकी समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ है। इसी बीच निर्दलीय प्रत्याशी दिनेश अग्रवाल कैलाश नगर पहुंचे और लोगों से संवाद किया। श्री अग्रवाल ने कहा कि वह इस इलाके के लोगों की पीड़ा को भली-भांति समझते हैं और उनके अधिकार की लड़ाई पूरी ताकत से लड़ेंगे। उन्होंने याद दिलाया कि बिना किसी पद पर रहते हुए भी उन्होंने बगहा से पटना के लिए ट्रेन चलवाने और भैंसही-पाण्डरखाप में सड़क निर्माण की प्रक्रिया शुरू करवाने जैसे कार्य किए हैं जहाँ आज़ादी के बाद अब तक सड़क नहीं बनी थी। दिनेश अग्रवाल ने कैलाश नगर की जनता से कहा, मैं वादा नहीं, जिम्मेदारी लेता हूँ। जब तक आपका काम पूरा नहीं कर दूँगा, तब तक वोट माँगने नहीं आऊँगा। लोगों ने उनके इस संकल्प का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि इस बार उनकी दशकों पुरानी समस्या का समाधान अवश्य होगा।






