— एसपी शौर्य सुमन एवं नगर आयुक्त ने किया घाटों का निरीक्षण
विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
बेतिया, आगामी छठ महापर्व-2025 के मद्देनज़र बेतिया जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह सतर्क एवं सक्रिय हो गया है। रविवार को पुलिस अधीक्षक बेतिया शौर्य सुमन एवं नगर आयुक्त बेतिया ने संयुक्त रूप से नगर क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का भौतिक निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने घाटों की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, भीड़ नियंत्रण एवं सुरक्षा व्यवस्था का विस्तृत जायजा लिया। इस दौरान एसपी ने संबंधित थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि घाटों पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि संवेदनशील घाटों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल, महिला पुलिसकर्मी एवं गोताखोरों की तैनाती सुनिश्चित की जाए।

नगर आयुक्त ने सफाई कर्मियों और नगर परिषद टीम को घाटों की नियमित साफ-सफाई एवं जल निकासी की समुचित व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं। एसपी शौर्य सुमन ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि सभी घाटों पर CCTV कैमरे लगाए जा रहे हैं ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे प्रशासन को सहयोग दें और छठ पर्व को शांति एवं श्रद्धा के साथ मनाएँ।निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, अनुमंडल पदाधिकारी, नगर थानाध्यक्ष सहित कई वरिष्ठ पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन की यह तैयारी यह दर्शाती है कि बेतिया जिला प्रशासन छठ महापर्व को सुरक्षित, स्वच्छ और सुचारु रूप से सम्पन्न कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।






