बिहार के सिवान से पंकज सिंह की रिपोर्ट
सिवान। (24 अक्टूबर2025) पुलिस अधीक्षक सिवान के निर्देश पर चलाए जा रहे सक्रिय पुलिसिंग अभियान के तहत सराय थाना पुलिस ने हत्या कांड में वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर एक बड़ी सफलता हासिल की है। जानकारी के अनुसार, दिनांक 13 अप्रैल 2025 को सराय थाना क्षेत्र के बुचुन साह को आपसी विवाद के दौरान कुछ व्यक्तियों द्वारा मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया था। इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई थी। इस संबंध में सराय थाना कांड संख्या 172/25, दिनांक 14 अप्रैल 2025 को भारतीय न्याय संहिता (बी.एन.एस.) की धारा 103(1) सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया था। तकनीकी अनुसंधान एवं गुप्त सूचना के आधार पर इस प्रकरण में नामजद चार अभियुक्तों को पूर्व में गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है। वहीं, कांड के अग्रतर अनुसंधान के क्रम में प्राप्त आसूचना के आधार पर पुलिस ने नामजद अभियुक्त अभिषेक कुमार सिंह उर्फ विवेक सिंह, पिता – अशोक सिंह, निवासी – चाप टोला टेघरा, थाना – सराय, जिला – सिवान को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त से पूछताछ की जा रही है तथा उससे घटना में संलिप्त अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। आगे विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है।






