बिहार के सिवान से पंकज सिंह की रिपोर्ट
सिवान। जिला पुलिस प्रशासन द्वारा विधानसभा चुनाव-2025 के दृष्टिगत चलाए जा रहे विशेष सघन वाहन जांच अभियान के क्रम में नौतन थाना क्षेत्र के अंतर्गत पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। थानाध्यक्ष नौतन के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर शुक्रवार की देर शाम एक काले रंग की स्कॉर्पियो वाहन से 666 लीटर अवैध देसी शराब बरामद की। वाहन को जब्त कर लिया गया है तथा चालक मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। सूत्रों के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि एक स्कॉर्पियो वाहन में भारी मात्रा में देसी शराब को पश्चिमी दिशा से सिवान शहर की ओर ले जाया जा रहा है। इस पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए वाहन का पीछा किया और उसे नौतन बाजार के समीप पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान वाहन से प्लास्टिक के कंटेनरों में भरी कुल 666 लीटर अवैध देसी शराब बरामद हुई।इस संबंध में पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक सिवान ने बताया कि चुनाव अवधि में शराब की तस्करी पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए जिले के सभी थाना क्षेत्रों में लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अवैध शराब के कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों ने पुलिस की तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी सख्त कार्रवाई से अवैध कारोबारियों में भय का माहौल बनेगा।






