कर्मियों को आचार संहिता के पालन एवं समयबद्ध कार्य निष्पादन के दिए निर्देश
शादमान शकील हैदर बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
बगहा। आगामी बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर बगहा दो अंचल कार्यालय में गुरुवार को नवागत अंचलाधिकारी वसीम अकरम ने पदभार ग्रहण करने के उपरांत पहली बैठक की। इस दौरान उन्होंने निर्वाचन कार्यों को लेकर अंचल कर्मियों के साथ विस्तृत समीक्षा की और कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सीओ अकरम ने कहा कि निर्वाचन कार्य लोकतांत्रिक प्रणाली की मर्यादा और पारदर्शिता से जुड़ा महत्वपूर्ण दायित्व है। ऐसे में सभी कर्मी पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने-अपने कार्यों को समय पर पूरा करें। उन्होंने वाहन कोषागार के लिए वाहनों की सूची तैयार करने तथा वाहन मालिकों को तामिला भेजने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि राज्य में इस समय आचार संहिता लागू है, इसलिए हर सरकारी कर्मी को इसका सख्ती से पालन करना होगा। किसी भी प्रकार की लापरवाही या उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित कर्मी के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी।अंचलाधिकारी ने बैठक के दौरान अंचल कार्यालय के नियमित कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने प्रधान लिपिक, अंचल नाजिर एवं आरटीपीएस कर्मियों को जनता से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने और आचार संहिता के दायरे में रहकर त्वरित निस्तारण का निर्देश दिया। सीओ अकरम ने कहा कि निर्वाचन कार्य को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी बनाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कर्मियों को सर्तक, सजग और सक्रिय रहने का संदेश देते हुए कहा कि प्रशासन की साख जनता के भरोसे पर टिकी है, इसलिए हर कार्य में अनुशासन और जवाबदेही अनिवार्य है।






