विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
बेतिया जिला के नौतन-बैरिया विधानसभा क्षेत्र में इस बार चुनावी जंग दिलचस्प होने जा रही है। जन सुराज पार्टी से पूर्व पुलिस उपाधीक्षक रमेश चंद्र उपाध्याय की पुत्री डॉ. वर्षा कुमारी ने चुनावी मैदान में उतरकर सियासी गलियारों में हलचल मचा दी है।डॉ. वर्षा इन दिनों क्षेत्र के गांव-गांव जाकर आम लोगों से मुलाकात कर उनका समर्थन जुटा रही हैं। उनके जनसंपर्क अभियान ने जन सुराज से टिकट के अन्य दावेदारों की धड़कनें तेज कर दी हैं। पूर्व डीएसपी रमेश चंद्र उपाध्याय ने बताया कि अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने इस क्षेत्र को अपराधमुक्त करने के लिए तत्कालीन मंत्री स्व. बैजनाथ प्रसाद महतो के साथ मिलकर काम किया था।
उन्होंने जगह-जगह ग्राम रक्षा दल समितियों का गठन कराया और दस्यु सरगना भगड़ यादव जैसे कुख्यात अपराधियों को आत्मसमर्पण करने पर मजबूर किया। वहीं, डॉ. वर्षा कुमारी का कहना है कि वे प्रशांत किशोर द्वारा चलाए जा रहे जन सुराज अभियान से प्रभावित होकर राजनीति में आई हैं। उनका उद्देश्य क्षेत्र में शिक्षा और रोजगार की स्थिति सुधारना तथा पलायन की समस्या पर रोक लगाना है। उन्होंने कहा कि “मेरे पिता का इस क्षेत्र से गहरा लगाव रहा है। यहां की जनता के सुख-दुख को हमारा परिवार हमेशा करीब से महसूस करता आया है। अब समय है कि हम मिलकर क्षेत्र को एक नई दिशा दें।”