विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
बगहा (प. चंपारण): प्रखण्ड बगहा एक के चखनी रजवटिया पंचायत के वार्ड संख्या 3 के नौरंगा टोला में हो रही इन दिनों मूसलाधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। भारी वर्षा के कारण दर्जनों घरों में पानी भर जाने से ग्रामीणों का हाल बेहाल हो गया है। स्थिति बिगड़ने पर पंचायत प्रशासन ने अस्थायी नाला खुदाई कर पानी की निकासी शुरू कराई। ग्रामीणों ने मुखिया ललाबाबू उर्फ रविरंजन यादव पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वे कई महीनों से नाला निर्माण की मांग करते आ रहे हैं, लेकिन मुखिया ने अपनी मनमानी से जहां नाले की जरूरत नहीं थी, वहां निर्माण करा दिया। वहीं जहां जलजमाव की असली समस्या थी, वहां नाला अधूरा छोड़ दिया गया। ग्रामीणों का कहना है कि पुराने नाले का लगभग 20 फुट हिस्सा अधूरा रह गया, जिसके कारण पानी निकलने का रास्ता बंद हो गया और पूरे टोले में जलभराव की स्थिति बन गई।

ग्रामीणों ने यह भी बताया कि जिस घर के सामने नाले का अधूरा हिस्सा बचा है, वहां अक्टूबर माह के अंत में शादी समारोह होना है। मकान मालिक के अनुरोध पर उस समय निर्माण कार्य रोक दिया गया था। लेकिन अब बारिश के दौरान यही अधूरा भाग पूरे टोले की परेशानी का कारण बन गया है। ग्रामीणों ने कहा कि अगर समय रहते नाला पूरा कर दिया गया होता, तो आज लोगों के घरों में पानी नहीं घुसता। इस संबंध में पंचायत के मुखिया ललाबाबू उर्फ रविरंजन यादव ने बताया कि उन्होंने शेष नाले के निर्माण के लिए कई बार पहल की, लेकिन विभागीय अनुमति नहीं मिलने से कार्य रुका रह गया। उन्होंने स्वीकार किया कि जिस घर के सामने कार्य बाधित है, वहां शादी समारोह के कारण कार्य अस्थायी रूप से रोका गया था। मुखिया ने कहा कि फिलहाल नाले की अस्थायी खुदाई कर पानी निकासी कराई जा रही है और एक से दो माह के भीतर शेष नाला निर्माण का कार्य पूरा करा दिया जाएगा।






