Wednesday, February 11, 2026
No menu items!
Google search engine
Home हेल्थ सीवान में डॉक्टर पर हमला, हड़ताल से ठप हुई स्वास्थ्य सेवाएँ

सीवान में डॉक्टर पर हमला, हड़ताल से ठप हुई स्वास्थ्य सेवाएँ

0
184

बिहार के सिवान से पंकज सिंह की रिपोर्ट

सिवान जिले के दरौंदा प्रखंड अस्पताल में सोमवार को अचानक तनावपूर्ण स्थिति बन गई। जानकारी के अनुसार एक मरीज की भर्ती की प्रक्रिया चल रही थी, तभी मरीज के परिजन ने किसी बात को लेकर ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर राघवेंद्र बाजपेई से कहासुनी शुरू कर दी। विवाद इतना बढ़ा कि परिजन ने डॉक्टर पर हाथ उठा दिया। इस अप्रत्याशित घटना से पूरे अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। घटना से आक्रोशित डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों ने तुरंत कार्य बहिष्कार कर हड़ताल की घोषणा कर दी। हड़ताल शुरू होते ही अस्पताल की सभी स्वास्थ्य सेवाएँ ठप हो गईं। न तो किसी मरीज का इलाज हो पा रहा है और न ही भर्ती मरीजों को ड्रिप (पानी की बोतल) चढ़ाई जा रही है। इससे गंभीर रूप से बीमार मरीज और उनके परिजन बेहद परेशान हैं। कई मरीज इलाज के अभाव में दूसरे स्थानों की ओर जाने को मजबूर हो गए।

डॉक्टरों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जब तक आरोपित परिजन पर कड़ी कार्रवाई नहीं होती, वे काम पर वापस नहीं लौटेंगे। उनका कहना है कि चिकित्सकों पर बार-बार हमले होना गंभीर चिंता का विषय है और इससे न केवल डॉक्टरों की सुरक्षा खतरे में पड़ती है, बल्कि मरीजों की जान भी संकट में आ जाती है। उधर, ग्रामीणों और मरीजों के परिजनों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है, ताकि अस्पताल की सेवाएँ बहाल हो सकें। मामले को लेकर स्वास्थ्य विभाग और पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया है तथा दोषी पर कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

error: Content is protected !!