Tuesday, February 17, 2026
No menu items!
Google search engine
Home आस पास सिकटा प्रखण्ड मुख्यालय की सड़कों पर जल-जमाव से आमजन त्रस्त

सिकटा प्रखण्ड मुख्यालय की सड़कों पर जल-जमाव से आमजन त्रस्त

0
163

विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार

सिकटा। प्रखण्ड मुख्यालय सिकटा की स्थिति इन दिनों बेहद चिंताजनक बनी हुई है। सिकटा थाना के ठीक सामने बारिश का पानी जमा होने से सड़क पर लंबे समय से जल-जमाव की समस्या बनी हुई है। लगातार बरसात के बाद निकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण सड़क पर पानी का ठहराव कई सप्ताह तक बना रहता है, जिससे आम लोगों का आवागमन बाधित हो रहा है।

इस सड़क से होकर ही बालक मध्य विद्यालय सिकटा, +2 प्रोजेक्ट कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय और +2 राजकीय जनता उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सहित कई शिक्षण संस्थानों में छात्र-छात्राएं पढ़ाई के लिए आते-जाते हैं। यही रास्ता सिकटा बाजार, प्रखण्ड-सह-अंचल कार्यालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, रेलवे स्टेशन और प्रखण्ड के कई पंचायतों के ग्रामीणों का मुख्य मार्ग है।

लोगों का कहना है कि पानी निकासी के लिए नाला निर्माण नहीं होने और पुराने नालों की सफाई समय पर न होने के कारण यह समस्या गंभीर रूप ले चुकी है। जल-जमाव के चलते सड़क पर कीचड़, फिसलन और बदबू से आमजन को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय नागरिकों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि इस समस्या की ओर बिल्कुल ध्यान नहीं दे रहे हैं। जबकि कुछ ही दिनों बाद दशहरा, दीपावली और छठ जैसे प्रमुख त्योहार आने वाले हैं। ऐसे में जल-जमाव की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो लोगों को त्योहारों के समय भी भारी परेशानी उठानी पड़ेगी।

ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल नाला निर्माण और जल निकासी की समुचित व्यवस्था करने की मांग की है। लोगों का सवाल है कि यदि मुख्यालय की स्थिति यह है तो फिर ग्रामीण क्षेत्रों की हालत का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है। अब देखना यह है कि प्रशासन इस गंभीर समस्या का निदान कब और कैसे करता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

error: Content is protected !!