मनरेगा मजदूर बना होमगार्ड का जवान।

0
11


जिस खेल मैदान के निर्माण में किया मजदूरी उसी में दौड़ लगाकर किया अभ्यास।


पंचायत भवन में मुखिया सरपंच और वार्ड सदस्यों ने किया सम्मानित।


अनिल कुमार शर्मा मझौलिया पश्चिम चंपारण।


अगर इरादे और हौसले बुलंद हो तो गरीबी सफलता में बाधक नहीं बन सकती है। इसी को सही साबित किया है मझौलिया पंचायत के सतभिडवा गांव निवासी नथू पासवान के पुत्र सोनू कुमार पासवान ने। सोनू कुमार पासवान ने गृह रक्षा वाहिनी पश्चिम चंपारण के गृह रक्षक के पद पर औपबंधिक रूप से नियुक्ति पत्र पाया है। उक्त नियुक्ति पत्र जिलाधिकारी पश्चिम चंपारण और जिला समादेष्टा बिहार गृह रक्षा वाहिनी पश्चिम चंपारण बेतिया के हस्ताक्षर से निर्गत हुआ है।
बताते चले की सोनू कुमार पासवान की इस सफलता पर पंचायत के मुखिया सह भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष सत्य प्रकाश सरपंच शिवजी राम वार्ड सदस्य अली राज हुसैन ग्रहण माझी सांझा देवी वार्ड सचिव वजीर अहमद समाजसेवी अवधेश प्रसाद चौरसिया आदि ने बुधवार को पंचायत भवन में अंग वस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया।


मुखिया सत्य प्रकाश ने बताया कि सोनू कुमार पासवान ने अथक परिश्रम लगन और आर्थिक कठिनाई से जूझते हुए सफलता को प्राप्त किया है जो पूरे पंचायत का नाम रोशन करते हुए गौरवान्वित करने का काम किया है। उन्होंने बताया कि सोनू कुमार की सफलता आज के युवाओं के लिए प्रेरणादायक होगी।
सरपंच शिवजी राम वार्ड सदस्य अलीराज हुसैन समाजसेवी अवधेश प्रसाद चौरसिया आदि ने बताया कि अगर सच्चे दिल से परिश्रम किया जाए तो सफलता अवश्य कदम चूमती है। सच्ची लगन से परिश्रम करने वालों को गरीबी और आर्थिक कठिनाई कभी भी सफलता की राह में रोडा नहीं बन सकती है। उन्होंने सोनू कुमार के उज्जवल भविष्य की कामना की। मनरेगा मजदूर से होमगार्ड का जवान बना सोनू कुमार पासवान ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता गुरुजनों और शुभचिंतकों को दिया। मुखिया सत्य प्रकाश के सहयोग की प्रशंसा करते हुए कहा की मुखिया सत्य प्रकाश ने समय-समय पर आर्थिक मदद किया मेरा हिम्मत और साहस बढ़ाया तथा मनरेगा योजना द्वारा निर्मित खेल मैदान सहित अन्य योजनाओं में मजदूरी करने का अवसर प्रदान किया।

युवाओं को संदेश देते हुए सोनू कुमार पासवान ने कहा कि नियमित रूप से लगन पूर्वक परिश्रम किया जाए तो सफलता अवश्य प्राप्त होगी। असफलता पर निराश न होकर हिम्मत नहीं हारना चाहिए बल्कि फिर से कमर कस कर परिश्रम और तैयारी में जुट जाना चाहिए।
सोनू कुमार पासवान ने मनरेगा पदाधिकारी नीरज कुमार पांडे के प्रति आभार जताते हुए कहा कि खेल मैदान निर्माण के दौरान जब मैं बतौर मजदूर काम करता था तो नीरज सर हमेशा मेरा उत्साह बढ़ाते थे तथा हौसला बनाए रखने का निर्देश देते हुए हर संभव मदद करने का भरोसा दिया करते थे।
बताते चले कि मनरेगा योजना से निर्मित खेल मैदान में सोनू कुमार पासवान बतौर मनरेगा मजदूर काम करता था और उसी खेल मैदान में सुबह शाम दौड़ लगाकर तैयारी करता था।
गौरतलब हो कि गृह रक्षक पद पर नियुक्त सोनू कुमार पासवान को जहानाबाद में प्रशिक्षण के लिए भेजा जाने वाला है।
सम्मान समारोह के अवसर पर वार्ड सदस्य सांझा देवी भिखारी देवान दिनेश कुमार मुखिया सुनील कुमार ग्रहण माझी वजीर अहमद सुजीत कुमार वकील अहमद आसिफ अशरफ आदि उपस्थित थे।
मनरेगा मजदूर से होमगार्ड जवान बना सुनील कुमार पासवान की पारिवारिक पृष्ठभूमि काफी तंगी से भरा हुआ है। मेहनत मजदूरी करके गुजर बसर होता है। होमगार्ड के जवान के पद पर सोनू के नियुक्त होने पर परिवार में खुशी का माहौल है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here